ट्रिपल सिम, सोलर हैंडसेट, लंबे समय तक चलने वाली बैटरी वाले मोबाइल ग्रामीण क्षेत्रों में पहली पसंद
हरिद्वार जिले में दवाई की दुकान चलाने वाले बिट्टू सिंह के पास साढ़े पांच हजार रुपये का स्पाइस ट्रिपल सिम मोबाइल हैंडसेट है। एक सिम स्थानीय कॉल, दूसरी सिम एसटीडी कॉल और तीसरी सिम वह मुफ्त के टॉक टाइम के लिए इस्तेमाल करता है। दरअसल, इन दिनों गांवों में रहने वाले युवा मोबाइल फोन के मामले में काफी हाईटेक हो गए है। आज की तारीख में गांवों के युवाओं में सोलर पावर वाले और ट्रिपल सिम वाले मोबाइल फोन का काफी क्रेज है। इसके अलावा लंबे समय तक चलने वाली बैटरी वाले फोन भी उनकी पहली पसंद बने हुए हैं।
गांवों में अपना कारोबार चमकाने वाली कंपनियों की मानें तो युवा किसान, दुकानदार, मजदूर, पानवाले और दूधवाले भी ट्रिपल यानी तीन सिम वाले हैंडसेट फोन पसंद करते हैं। खास बात यह है कि यह युवा नोकिया, सैमसंग और सोनी और जैसे बड़े ब्रांड के हैंडसेट को किनारे कर देशी मोबाइल कंपनियों के बने हैंडसेट को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इन हैंडसेटों में उन्हें किफायती कीमत पर ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं आसानी से मिल जाती हैं। एयर फोन इंडिया के निदेशक विशाल चितकारा बताते हैं कि उनके हैंडसेटों को गांवों के युवा ज्यादा पसंद करते हैं। उनके लिए शहरों की तरह बड़े मोबाइल ब्रांड कोई मायने नहीं रखते। उन्हें सिर्फ कम मूल्य और ज्यादा सुविधाएं चाहिए। एयरफोन गांवों में एक हजार रुपये तक के मोबाइल हैंडसेट बेच रही है।
बाजार आंकड़ों पर नजर डालें तो एक से ज्यादा सिम वाले हैंडसेट खरीदने वालों में 40 फीसदी गांवों से हैं। इनमें माइक्रोमैक्स और स्पाइस के हैंडसेटों का प्रतिशत काफी ज्यादा देखने को मिला है। इंटरनेशनल डॉटा कॉरपोरेशन के सर्वेक्षण के मुताबिक सौर ऊर्जा से चलित मोबाइल फोन हैंडसेट और ज्यादा लंबे समय खासकर 30 दिन से ज्यादा तक चलने वाले मोबाइल हैंडसेट गांवों में बिजली की समस्या की चुनौती से भी पार पा रहे हैं।
गांव के लोगों को यह फोन इसलिए भी ज्यादा पसंद आ रहे हैं क्योंकि उन्हें बिजली पर ज्यादा निर्भर नहीं होना पड़ता। हैंडसेटों में डस्ट प्रूफ लैमिनेशन, वाटर प्रूफ आउटर केस जैसी पैकेजिंग भी इस्तेमाल की जा रही है।
No comments:
Post a Comment