Sunday, January 23, 2011

गांव भी जुड़ेंगे लोकल ट्रांसपोर्ट से


स्पेशल पर्पज ऑफ व्हीकल (एसपीवी) योजना को परवान चढ़ाने के लिए रोडवेज सक्रिय हो गया है। योजना के तहत सेक्टरों के साथ गांवों को भी पूरी तरह लोकल ट्रांसपोर्ट से जोड़ने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। शहर में नए सिरे से रूट निर्धारण के लिए आरडब्ल्यूए से संपर्क साधा जा रहा है, वहीं गांवों में रोडवेज की टीम खुद सर्वे कर रही है।
पिछले आठ महीनों में शहर के कई सेक्टरों को लोकल ट्रांसपोर्ट से जोड़ा जा चुका है। इसके लिए रोडवेज ने शहर के आरडब्ल्यूए संगठन का सहयोग लिया था। प्राधिकरण और रोडवेज की तरफ से शुरू होने वाली एसपीवी योजना को सफल बनाने के लिए रोडवेज ने एक बार फिर आरडब्ल्यूए पर भरोसा जताया है। रोडवेज अधिकारी बेहतर रूटों और आम जनता की सुविधा को समझने के लिए आरडब्ल्यूए से संपर्क साध रहा है। सेक्टरों में रूटों का सुझाव मांगा जा रहा है, वहीं सेक्टरों से लगे हुए गांव और शहरी क्षेत्र से अलग-थलग पड़े ग्रामीण क्षेत्रों को भी इस योजना के तहत लोकल ट्रांसपोर्ट से जोड़ने की कवायद तेज कर दी गई है।
रोडवेज निगम की तरफ से गठित सर्वे टीम ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वे कर रही हैं। निगम की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा गांवों को लोकल ट्रांसपोर्ट से जोड़ा जाए। आरएम पी.आर. बेलवारियर ने बताया कि शहर में लोकल ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने के लिए पहले से प्रयास किए जा रहे थे। एसपीवी योजना से स्थितियों में और भी सुधार आएगा। इस योजना में कितने व्हीकल जोड़े जाएंगे, यह सारी जरूरतों की जानकारी लेने के बाद ही तय होगा। शहर में सेक्टरों और गांवों दोनों को सिटी बस सेवा से जोड़ना प्राथमिकता रहेगी।


No comments:

Post a Comment