Saturday, August 4, 2012

केंद्र सरकार ने हरियाणा में मनरेगा का बजट बढ़ाया


केंद्र सरकार ने हरियाणा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का बजट बढ़ा दिया है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने शुरूआत में 86 लाख कार्यदिवस के लिए 226.80 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया था, लेकिन राज्य सरकार के प्रदर्शन को देखते हुए मंत्रालय ने बाद में 115.70 लाख कार्यदिवस सृजित करने के लिए 305.09 करोड़ रुपये का बजट संशोधित कर दिया है। हरियाणा में विगत वित्त वर्ष के दौरान 873.62 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में 371.88 लाख कार्य दिवस सृजित किए गए तथा 27,803 विकास कार्य पूरे किए गए हैं। ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग की राज्य स्तरीय विजिलेंस एवं मानीटरिंग कमेटी की बैठक में यह जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अवगत करवाया गया कि विगत वर्ष के दौरान 36 प्रतिशत कार्यदिवस महिला श्रमिकों और 50 प्रतिशत कार्य दिवस अनुसूचित जाति से संबंधित श्रमिकों के लिए सृजित किए गए। योजना के अंतर्गत विगत वित्त वर्ष के दौरान 17,035 कार्य लिए गए, जिसमें से 10,375 कार्य पूरे कर लिए गए है, जबकि 6678 कार्य प्रगति पर है। इसमें सर्वाधिक 1692 कार्य सिंचाई विभाग के अंतर्गत पूरे किए गए हैं। बैठक में बताया गया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय ने एक अप्रैल से हरियाणा के लिए अकुशल श्रमिकों की मजदूरी दर को 179 से बढ़ाकर 191 रुपये प्रति कार्य दिवस किया है जोकि देश में उच्चतम है। बैठक में यह भी बताया गया कि संपूर्ण स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्कूलों में 9160 के लक्ष्य की तुलना में कुल 9137 शौचालयों का निर्माण किया गया। इसी तरह आंगनवाड़ी केंद्रों के अंतर्गत स्कूलों में 7371 के लक्ष्य की तुलना में 7599 शौचालयों का निर्माण किया गया। मुख्यमंत्री ने स्कूलों में बनाए गए शौचालयों में पर्याप्त जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को हैंड पंप या टंकी लगाने के निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment